बोकारो से जय सिन्हा
बोकारो: न्याय सदन सभागार में गुरुवार को उप विकास आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 21 व 22 सितंबर को होने वाले झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (जेजीजीएलसीसीई) को लेकर प्रतिनियुक्त सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट सह केंद्र पर्यवेक्षक – पुलिस पदाधिकारी, गश्ती दंडाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने कहा कि 21 व 22 सितंबर को झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (जेजीजीएलसीसीई) आयोजित होने वाली है। यह खबर आप झारखंड लेटेस्ट न्यूज पर पढ़ रहे हैं। इस परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर यह अंतिम बैठक हैं। कई चरणों में अलग – अलग स्तर पर इससे संबंधित बैठक हुई है और दिशा – निर्देश दिया गया है।
अब किसी तरह का किसी के मन में कोई शंका/संशय की स्थिति नहीं है। उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेट सह केंद्र पर्यवेक्षक, गश्ती दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से अपने अपने केंद्र निरीक्षण के संबंध में जानकारी ली। प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि सभी ने अपने अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लिया है एवं केंद्र अधीक्षकों के साथ बैठक भी की है। कहा कि, जिन्होंने अब तक अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण नहीं किया है, वह हर हाल में आज अपने अपनें केंद्रों का जायजा/भ्रमण कर लें।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि गश्ती दंडाधिकारी एवं उनके साथ पुलिस बल ससमय कोषागार से प्रश्न पत्र/ओएमआरसीट प्राप्त करेंगे एवं परीक्षा केंद्र पहुंचाएंगे। उन्होंने जिला कोषागार पदाधिकारी को सुनिश्चित करने को कहा कि बिना परिचय पत्र के किसी को भी प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं कराएंगे। साथ ही ध्यान रखेंगे ही दूर वाले परीक्षा केंद्रों के गस्ती दंडाधिकारी दल को प्रश्न पत्र पहले उपलब्ध कराएंगे। सभी को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय से शुक्रवार को परिचय पत्र (आइडी) प्राप्त करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी चास ओम प्रकाश गुप्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो अशोक कुमार को उक्त परीक्षा के दौरान विधि – व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे। द्वय पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेगें कि कोषागार बोकारो से उक्त परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्रों को केंद्रवार प्रतिनियुक्त गश्ती दल दंडाधिकारी को ससमय प्राप्त करा दिया जाएगा और परीक्षा समाप्ति के पश्चात सभी व्यवहृत एवं अव्यवहृत ओएमआर सीट एवं अन्य सामग्री कोषागार में ससमय जमा कराना सुनिश्चित करेंगे।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिन्हें जो दायित्व दिया गया है वह उसका अनुपालन शत प्रतिशत करें। उसमें किसी भी तरह की कोई शिथिलता नहीं पाई जानी चाहिए, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में परीक्षा के नोडल पदाधिकारी सह अपर नगर आयुक्त अनंत कुमार ने कहा कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट सह केंद्र पर्यवेक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर दायित्वों का निष्पादन करेंगे। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहें हैं।
अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने कहा कि परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी सुबह 08.00 बजे के बाद प्रवेश नहीं करेंगे इसे सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने क्रमवार सभी मजिस्ट्रेट, स्टैस्टिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों से उनके परीक्षा केंद्र/ उनके द्वारा भरे जाने वाले प्रपत्रों की जानकारी ली। उन्हें जरूरी दिशा – निर्देश दिया।
झारखंड सामान्य स्नातक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के सफल संचालन, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने को लेकर जिला स्तर पर कंपोजिट नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06542 247891, 06542 223475 एवं 06542 242402 है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी (मो. संख्या 9905158760) रहेंगे।
इससे पूर्व, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा एवं मास्टर ट्रेनर संजय कुमार द्वारा झारखंड कार्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी मार्ग दर्शिका/निर्देशों/दायित्वों के संबंध में विस्तार से बताया। सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट सह केंद्र पर्यवेक्षक – पुलिस पदाधिकारी, गश्ती दंडाधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा – निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन का निर्देश दिया।
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना शेजवलकर, मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता, सीटी डीएसपी आलोक रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी आदि उपस्थित थे। उल्लेखनीय हो कि, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आगामी 21 व 22 सितंबर को आयोजित होने वाले झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (जेजीजीएलसीसीई) में कुल 60,000 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिले में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाया गया है।